विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक छात्रों एवं विद्यालय के सर्वांगीण विकास को समर्पित रही
19 नवंबर 2025
19 नवंबर, बुधवार को दोपहर साढ़े 12 बजे पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, उज्जैन की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता नॉमिनी चेयरमैन श्री रंजीत कुमार, उपायुक्त राजस्व उज्जैन संभाग ने की।
बैठक का आरंभ विद्याथियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। प्राचार्य भी मुकेश कुमार मीना ने समिति के नॉमिनी चेयरमैन और सदस्यों को पौधा भेंटकर हरित स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बैठक का बिंदुवार एजेंडा प्रस्तुत किया। श्री मीना ने विद्यालय की मौजूदा आवश्यकताओं की ओर समिति का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कम्प्यूटर, इन्ट्रैक्टिव पैनल, सीसीटीवी कैमरे, लैब फर्नीचर, जनरेटर, कबड्डी मेट, एसी, पंखे, ट्यूब लाइट, भवन की पुताई, लाइब्रेरी के लिए किताबों की खरीद एवं स्टाफ़ क्वार्टर की मरम्मत आदि के लिए उपलब्ध धनराशि के व्यय तथा अनुमानित बजट हेतु अनुमोदन का अनुरोध किया। नामिनी चेयरमैन श्री रंजीत कुमार ने कहा कि तय बजट एवं उपलब्ध राशि के अंदर नियमानुसार जेम पोर्टल से सभी आवश्यक वस्तुएं खरीदी जा सकती हैं।
बजट के मौखिक अनुमोदन के पश्चात उपस्थित सदस्यों ने कई उपयोगी सुझाव दिये। यथा- विद्यालय में NCC की शुरुआत हो। खेलकूद में छात्र छात्राओं दोनों के क्रिकेट को प्रोत्साहित किया जाए। स्तरीय खेल अनुभव के लिए नानाखेड़ा ग्राउंड में खेलने की अनुमति माँगी जा सकती है। एक्सपोजर विजिट के साथ-साथ शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण, कार्यशालाएं एवं उच्चतर कक्षाओं में संस्कृत के अध्ययन को बढ़ावा दिया जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग कैंप आयोजित किये जा सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय के विद्याथियों को भी उज्जैन के जिला स्तरीय आयोजन में भाग लेना चाहिए। इस संबंध में नॉमिनी चेयरमैन ने कहा कि इसी समय पर विद्यालय के कार्यक्रम होते हैं इसलिए संभव हो तभी इस दिशा में बढ़ा जा सकता है। पत्र भेजकर विद्यालय का नाम जुड़वाया जा सकता है।
श्री रंजीत कुमार ने सभी सदस्यों के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा- विद्यालय के बहुमुखी विकास के लिए स्मार्ट सिटी परियोजना से आवश्यक निर्माण हेतु संबंद्धता के प्रयास भी किये जा सकते हैं।
बैठक में डॉ सदानंद त्रिपाठी ( शिक्षाविद ), अली अहमद ( संगीतकार ), डॉ मोहन निमोले ( एससी एसटी प्रतिनिधि), अरुण कुमार मीना ( आयकर अधिकारी), रघुवीर प्रसाद, एम एम सिद्दीकी, शेर सिंह, डॉ हेमलता पाठक, योगेश राठौर आदि उपस्थित रहे। बैठक का संयोजन कार्यालय प्रभारी श्री अजय केवलिया ने किया। तकनीकि सहयोग दिया नमता गोखले एवं शैलेश कौशल ने। बैठक का संचालन वरिष्ठ शिक्षिका कौसिल्या शर्मा ने किया एवं आभार माना प्रधानाध्यापक विपिन मेहता ने।





