परीक्षा पे चर्चा 9.0 ज़िला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता सम्पन्न




 




अर्पिता, शुभी और नमन रहे प्रथम


परीक्षा पे चर्चा 9.0 ज़िला स्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता सम्पन्न


पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, उज्जैन में परीक्षा पे चर्चा 9.0 के अंतर्गत नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जन्मदिन पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य में ज़िला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई। क्विज़ प्रतियोगिता में उज्जैन ज़िले के दोनों नवोदय विद्यालयों, पीएम श्री विद्यालयों, राज्य बोर्ड के स्कूलों एवं सीबीएसई से सम्बद्ध विद्यालयों के सौ से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। 


प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 एवं कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के मध्य मिडिल और सेकेंडरी दो वर्ग में आयोजित हुई। मिडिल स्टेज के लिए प्रश्नोत्तरी का पाठ्यक्रम स्वदेशी था तो सेकेंडरी स्टेज के लिए ऑपरेशन सिंदूर से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। क्विज़ प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में आर के बंसल इंटरनेशनल स्कूल के नमन रायकवार ने प्रथम, अहाना शर्मा ने द्वितीय और ज्ञान सागर ग्लोबल एकेडमी की वृंदा कोठारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में जेएनवी बुरानाबाद की अर्पिता और ज्ञान सागर ग्लोबल एकेडमी की शुभी व्यास ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर केवि उज्जैन की भविष्या प्रजापति और जानवी शर्मा रहीं। जेएनवी घट्टिया के प्रतीक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 


समापन समारोह में विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए प्राचार्य मुकेश कुमार मीना ने कहा कि सफलता से भी अधिक ज़रूरी है मानवीयता। हम जीवन में ऐसी सफलता प्राप्त करें जिसमें संवेदना बची रहे। जो समाज और देश के काम आए। 


पराक्रम दिवस पर क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के एक्टिविटी हॉल में रखा गया था जहाँ उद्घाटन सत्र की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इस साल नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस वसंत पंचमी होने के कारण विशेष रहा। उल्लेखनीय है कि वसंत पंचमी सरस्वती पूजन का दिन होता है। इस दिन हिंदी साहित्य जगत में निराला जयंती भी मनायी जाती है। 


क्विज़ प्रतियोगिता के समापन सत्र में उज्जैन ज़िले के प्रतिभागी विद्यालयों से आए बच्चों एवं अनुरक्षक शिक्षको ने भी अपने अनुभव साझा किए। सभी ने आयोजन और विद्यालय व्यवस्था की सराहना की। संचालन विद्यालय के शिक्षक शशिभूषण ने किया। मंच पर प्रधानाध्यापक विपिन मेहता एवं वरिष्ठ शिक्षक राजेश शर्मा की उपस्थिति रही।